संभल: किसान दिवस रूप में मनाया गया पूर्व PM चौ. चरण सिंह का जन्मदिन, किसान मेले का भी आयोजन
उप्र के संभल जनपद में पूर्व PM चौ. चरण सिंह का जन्मदिन किसान दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर बहजोई स्थित एक निजी रिसॉर्ट में कार्यक्रम आयोजित किया गया.
संभल से रामविरेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में पूर्व PM चौ. चरण सिंह का जन्मदिन किसान दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर बहजोई स्थित एक निजी रिसॉर्ट में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिनमें सरकार और किसानों के बीच मजबूत और भरोसेमंद संबंधों का स्पष्ट संदेश देखने को मिला है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी संभल डॉ. राजेंद्र पेसिया, मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट के साथ ही आनंद कुमार सिंह (सेवानिवृत्त आईएएस), पूर्व सदस्य/प्रशासकीय, उत्तर प्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग लखनऊ मंचासीन रहे। जिलाधिकारी के निकट बैठकर आनंद कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।
इस अवसर पर जनपद के 32 प्रगतिशील किसानों अधिकारी को उनके उत्कृष्ट कृषि कार्य, नवाचार और पराली प्रबंधन जैसे सराहनीय प्रयासों के लिए सम्मानित भी किया गया।
साथ ही सुशासन सप्ताह के अंतर्गत किसान सम्मान दिवस और किसान मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मेले में आधुनिक कृषि तकनीक, सरकारी योजनाओं और कृषि विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेसिया ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने कहा कि गांव, किसान और प्रशासन के बीच समन्वय से ही वास्तविक विकास संभव है।
कार्यक्रम में कवि जिगर की कविताओं ने किसानों के संघर्ष और योगदान को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बना। यह आयोजन सरकार और किसानों के बीच संवाद और विश्वास को और मजबूत करने वाला सिद्ध होगा।


