संभल: राइस मिल में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत, जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

उप्र के संभल जनपद में एक राइस मिल में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई है। मक्का से नमी हटाने वाली मशीन में यह हादसा हुआ, जहां एक मजदूर के बेहोश होने के बाद उसे बचाने गए दूसरे मजदूर की भी जान चली गई।

संभल: राइस मिल में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत, जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
Published By- Diwaker Mishra

संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में एक राइस मिल में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई है। मक्का से नमी हटाने वाली मशीन में यह हादसा हुआ, जहां एक मजदूर के बेहोश होने के बाद उसे बचाने गए दूसरे मजदूर की भी जान चली गई।

मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों मजदूरों के शव बाहर निकाले। मृत मजदूरों की पहचान विजयपाल और ओमपाल के रूप में हुई है, जो जनपद मुरादाबाद के निवासी बताए जा रहे हैं।

बता दें कि घटना संभल के बहजोई कोतवाली क्षेत्र स्थित एसआर राइस मिल की है, जहां गुरुवार की देर रात करीब 2:30 बजे यह हादसा हुआ। गुरुवार सुबह संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई घटना स्थल पर पहुंचे और पूरी फैक्ट्री का निरीक्षण किया।

उन्होंने उस मक्का से नमी हटाने वाली मशीन का भी जायजा लिया, जहां यह हादसा हुआ था। बताया जा रहा है कि जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि दोनों मजदूर काफी दिनों से यहां मजदूरी का काम कर रहे थे। देर रात काम करने के दौरान मक्का की मशीन में मौजूद जहरीली गैस के कारण दोनों मजदूरों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि जनपद संभल के बहजोई थाना क्षेत्र स्थित एसआर राइस मिल में कल देर रात लगभग 2:30 बजे एक दुर्घटना हुई। यहां मक्के की नमी (मॉइश्चर) हटाने वाली फैक्ट्री में एक व्यक्ति टैंक/चैंबर के अंदर उतरा, जहां विषैली गैस के प्रभाव से वह बेहोश हो गया।

उसे बचाने के लिए दूसरा व्यक्ति अंदर उतरा, लेकिन उसकी भी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद किसी अन्य व्यक्ति ने उन्हें बचाने का प्रयास नहीं किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी (SHO) और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना स्थल पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। फैक्ट्री मालिक से पूछताछ और वार्ता की जा रही है। मामले में आवश्यक साक्ष्य संकलित कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।