सीतापुर: आंगनबाड़ी भर्ती में ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर पर रुपये के लेन-देन का आरोप, डीएम ने दिए जांच के आदेश
उप्र के सीतापुर जनपद के रेउसा स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं के चयन को लेकर रुपये के लेन-देन का मामला सामने आया है।
सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद के रेउसा स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं के चयन को लेकर रुपये के लेन-देन का मामला सामने आया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सेउता विधायक के साथ एक शिकायतकर्ता कार्यालय पहुंचकर वहां कार्यरत ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर मनीष कुमार पर चयन प्रक्रिया के नाम पर रुपये के लेन-देन का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। इस प्रकरण से संबंधित फेसबुक पर रील भी वायरल हुई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने तत्काल जांच के निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने उपायुक्त, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, सीतापुर को पूरे प्रकरण की विधिवत जांच कर स्पष्ट आख्या उसी दिन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय और जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है, ताकि सामने आए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सके और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अब देखने वाली बात होगी कि जांच में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं के चयन को लेकर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई सामने आती है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है। फिलहाल जिलाधिकारी के जांच आदेश के बाद विभागीय कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हैं।



