यूपी बीजेपी के नए अध्यक्ष के लिए नामांकन आज,पंकज चौधरी के प्रस्तावक बने सीएम योगी आदित्यनाथ
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन शनिवार को होगा। भाजपा उत्तर प्रदेश में ओबीसी चेहरे पर दांव लगा सकती है। प्रदेश मुख्यालय में नामांकन दोपहर दो बजे से तीन बजे के बीच होगा।
लखनऊ/जनमत न्यूज़। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन शनिवार को होगा। भाजपा उत्तर प्रदेश में ओबीसी चेहरे पर दांव लगा सकती है। प्रदेश मुख्यालय में नामांकन दोपहर दो बजे से तीन बजे के बीच होगा। शाम तक नामांकन पत्रों की जांच व नाम वापसी का समय है।
उम्मीद एक ही नेता के नामांकन करने की हो रही है। रेस में सबसे आगे केंद्रीय मंत्री व सात बार के सांसद पंकज चौधरी चल रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की औपचारिक घोषणा रविवार को केंद्रीय चुनाव अधिकारी व मंत्री पीयूष गोयल करेंगे।
पंकज चौधरी के प्रस्तावक बने सीएम योगी आदित्यनाथ
पंकज चौधरी के प्रस्तावकों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री कैशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, स्मृति ईरानी,स्वतंत्र देव सिंह,सूर्य प्रताप शाही, सुरेश कुमार खन्ना व बेबी रानी मौर्य हैं।
पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति भाजपा कार्यालय पहुंच गई हैं। फतेहपुर से पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति भी अध्यक्ष पद की दावेदार हैं। इस तरह के कयास लग रहे हैं कि इस बार बीजेपी किसी महिला को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बना सकती है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को प्रदेश अध्यक्ष चुनने के लिए केंद्रीय चुनाव अधिकारी बनाया गया है। केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े की उपस्थिति में शनिवार काे नामांकन होगा। इन दोनों वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं की लखनऊ में मौजूदगी से यह स्पष्ट है कि नये अध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से और केंद्रीय नेतृत्व की मोहर के साथ ही होगा।

Janmat News 
