रायबरेली: रजबहा में मिला अज्ञात शव, इलाके में फैली सनसनी; पुलिस कर रही जांच
उप्र के रायबरेली के चंदापुर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक रजबहा नहर से अज्ञात शव बरामद किया गया।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली के चंदापुर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक रजबहा नहर से अज्ञात शव बरामद किया गया। शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है।
मामला चंदापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मऊ चौकी के जौनपुर रजबहा का है, जहां नहर में एक शव फंसा हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही इलाके में सनसनी फैल गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे प्रथम दृष्टया पहचान संभव नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।


