फतेहपुर: ‘पहले भुगतान फिर मतदान’ के नारे के साथ 20वें महीने भी आंदोलन जारी, विधायक ने दिया आश्वासन
उप्र के फतेहपुर जनपद में चिट फंड कंपनियों के माध्यम से ठगी के शिकार लोगों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा। अब ये आंदोलन लगातार 20वें महीने में भी जारी है।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद में चिट फंड कंपनियों के माध्यम से ठगी के शिकार लोगों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा। अब ये आंदोलन लगातार 20वें महीने में भी जारी है।
ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार संगठन के बैनर तले सैकड़ों लोग अपनी मेहनत की कमाई वापस पाने की मांग को लेकर लगातार धरने पर डटे हुए हैं। ये लोग विभिन्न चिटफंड कंपनियों द्वारा की गई ठगी का भुगतान दिलाने की मांग कर रहे हैं।
उनका कहना है पहले भुगतान फिर मतदान। उनका यह भी कहना है कि भारत सरकार द्वारा बनाए गए बड्स एक्ट कानून के तहत उन्हें उनका पैसा वापस मिलना चाहिए लेकिन कई साल बीत जाने के बाद भी अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है।
बताया जा रहा है कि 1 सितंबर 2024 से फतेहपुर के नहर कॉलोनी में यह अनिश्चितकालीन आंदोलन लगातार जारी है। जहां रोजाना पीड़ित परिवार अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इसी बीच आज आंदोलन को उस वक्त बड़ा सहारा मिला जब बिंदकी विधायक जयकुमार जैकी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ठगी पीड़ित परिवारों से मुलाकात की उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
विधायक ने कहा कि वह इस मुद्दे को जिले के अधिकारियों के सामने मजबूती से रखेंगे और जरूरत पड़ी तो पीड़ितों के प्रतिनिधिमंडल के साथ खुद मुख्यमंत्री से मिलकर उनकी समस्या उठाएंगे।

Janmat News 
