बरेली: SSR हेतु डीएम की राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न, कार्ययोजना की हुई विस्तृत समीक्षा

उप्र की बरेली जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (SSR-2027) के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

बरेली: SSR हेतु डीएम की राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न, कार्ययोजना की हुई विस्तृत समीक्षा
Published By- Diwaker Mishra

बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट 

बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र की बरेली जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (SSR-2027) के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सभी राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) को सक्रिय कर पात्र युवाओं एवं नागरिकों के अधिक से अधिक फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने में सहयोग की अपील की गई।

साथ ही बीएलए को क्षेत्र भ्रमण कर पात्र मतदाताओं को चिह्नित करने तथा आशा, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

अवगत कराया गया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक निर्धारित है। इनका निस्तारण 28 दिसम्बर तक तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा। विशेष अभियान दिवस 21, 22, 28 एवं 29 नवम्बर को आयोजित होंगे।

बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 29,80,682 मतदाता, 3,807 मतदेय स्थल एवं 1,941 मतदान केंद्र हैं। सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ की नियुक्ति की गई है। फॉर्म-6, 7 एवं 8 के माध्यम से नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना अभियान में जनसहभागिता बढ़ाने तथा आमजन को जागरूक करने की अपील की गई। 20 नवम्बर से प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे तक ईवीएम प्रशिक्षण आयोजित किए जाने की जानकारी भी दी गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं स्व-गणना प्रगणकों को सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।