राष्ट्रीय एकता दिवस पर बलरामपुर पुलिस ने लगाई एकता की दौड़, दिया भाईचारे का संदेश

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को बलरामपुर पुलिस ने 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर बलरामपुर पुलिस ने लगाई एकता की दौड़, दिया भाईचारे का संदेश
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट 

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को बलरामपुर पुलिस ने 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में आयोजित दौड़ में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ रिजर्व पुलिस लाइन बलरामपुर से हुआ। क्षेत्राधिकारी उतरौला/लाइन डॉ. जितेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।

पुलिसकर्मियों ने रिजर्व पुलिस लाइन से फुलवरिया बाईपास होते हुए चीनी मिल, भगौतीगंज तक दौड़ लगाई। दौड़ में क्षेत्राधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार, प्रतिसार निरीक्षक बिहारी सिंह यादव, यातायात प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

इस दौरान प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता, आपसी सहयोग और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्राधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, संगठन क्षमता और दृढ़ संकल्प से देशी रियासतों को एकजुट कर भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके आदर्श आज भी 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था बनाए रखी। आयोजन अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।