स्कूली बच्चों से भरी बस गहरी खाई में पलटी, आधा दर्जन बच्चे घायल

स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

स्कूली बच्चों से भरी बस गहरी खाई में पलटी, आधा दर्जन बच्चे घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —

अलीगढ़ / जनमत न्यूज। जनपद के थाना गंगीरी क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्कूली बच्चों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में करीब आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कौरियागंज इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस चालक संतुलन खो बैठा और बस सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे के बाद बस में फंसे बच्चों की चीखें सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही अलीगढ़ और कासगंज जिले की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने घायल बच्चों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल एक बच्चे को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है।

हादसे के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।