Exit Poll को तेजस्वी यादव ने नकारा; कहा- बदलाव होने जा रहा, कोई गुंजाइश नहीं

बिहार चुनाव 2025 की वोटिंग के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। एग्जिट पोल के अनुसार एनडीए (NDA) की जीत की संभावना बढ़ रही है।

Exit Poll को तेजस्वी यादव ने नकारा; कहा- बदलाव होने जा रहा, कोई गुंजाइश नहीं
Published By- Diwaker Mishra

पटना/जनमत न्यूज़। बिहार चुनाव 2025 की वोटिंग के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। एग्जिट पोल के अनुसार एनडीए (NDA) की जीत की संभावना बढ़ रही है, जिसके चलते राजनीतिक दलों में खलबली मची है। सभी नेता अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं और एक-दूसरे पर तंज कस रहे हैं।

बिहार में विधानसभा चुनाव में मतदाताओं ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस चुनाव में लगभग 67 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसमें महिलाओं की भूमिका सबसे बड़ी रही है। एग्जिट पोल के आंकड़ों के अनुसार NDA को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है।

हालांकि अंतिम परिणाम के लिए 14 नवंबर 2025 तक इंतजार करना होगा, लेकिन बिहार में अभी से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। महागठबंधन एग्जिट पोल पर विश्वास नहीं कर रहा है। वहीं, NDA गठबंधन में खुशी का माहौल है। दोनों ही तरफ से बयानबाजी भी तेज हो गई है।

तेजस्वी की पहली प्रतिक्रिया, कहा- कोई गुंजाइश नहीं रह गई है

राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा, "चुनाव का मतदान खत्म हो चुका है। दो चरण में ये चुनाव हुआ। हम सबसे पहले महागठबंधन के सभी नेताओं को सारे कार्यकर्ताओं को और सभी बिहार की जनता को दिल से धन्यवाद देना चाहते हैं कि इस लोकतंत्र के पर्व में बिहार की जनता ने बढ़-चढ़कर मतदान किया है।

चुनाव खत्म होने के बाद सभी लोगों से हमने जो प्रतिक्रिया ली, जो हमें सूचना मिली वे बेहद सकारात्मक है। 1995 से भी बेहतर प्रतिक्रिया हमें देखने को मिली है। सभी लोगों ने भारी मतदान करके इस सरकार के खिलाफ वोट किया है और इस बार बदलाव होने जा रहा है। कहीं भी कोई गुंजाइश नहीं रह गई है।"

महागठबंधन भारी जीत दर्ज करने जा रहा है

तेजस्वी यादव ने कहा, "प्रशासन के लोगों पर दबाव डालने की जो रणनीति है, उसे बिहार के सभी लोग जानते हैं। सर्वे चलाया गया है और पूरा प्रयास किया जाएगा कि काउंटिंग को धीमा किया जाए। मतगणना की पूरी प्रक्रिया को धीमा करवाया जाएगा।

जहां बम ब्लास्ट और अन्य घटनाएं हुई हैं, वहां कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी, लेकिन लोकतंत्र की हत्या के लिए ये लोग सेना से बिहार के सभी जिलों में फ्लैग मार्च तक करवाएंगे, ताकि लोगों में दहशत पैदा हो सके। महागठबंधन भारी जीत दर्ज करने जा रहा है।"

सरकार बदलने जा रही है

तेजस्वी यादव ने कहा, "2020 की अगर तुलना इस बार से की जाए तो 72 लाख लोगों ने ज्यादा मतदान किया है। यह काफी बड़ा आंकड़ा है। हर विधानसभा में वोट बढ़े हैं। यह मत बदलाव के लिए पड़े हैं। सरकार बदलने जा रही है।"

ये सर्वे अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए

एग्जिट पोल पर तेजस्वी यादव ने कहा, "हमने पहले भी कहा था कि 14 तारीख को नतीजे होंगे और 18 को शपथ ग्रहण होगा। यह निश्चित तौर पर होने जा रहा है। भाजपा और NDA के पसीने छूट रहे हैं। वे लोग बौखलाहट में हैं और बेचैन हैं।

कल वोटिंग के दौरान लोग बड़ी कतारों में खड़े थे। लोग खड़े रहे और एग्जिट पोल आता है, यानी मतदान अभी खत्म नहीं हुआ कि एग्जिट पोल आ गया। इस तरह के सर्वे को लेकर हम न किसी खुशफहमी में रहते हैं और न ही गलतफहमी में रहते हैं। ये सर्वे केवल मनोवैज्ञानिक तौर पर जितने भी अधिकारी चुनाव में लगे हुए हैं, उनके दबाव में लाया गया है।"