ढोंगी बाबा ने श्रद्धालु को 17 किलो जेवर का लालच देकर ठगे चार लाख रुपए, नकली मटकी थमाकर हुआ फरार

बाबा ने ग्रामीण को यह विश्वास दिलाया कि उसके घर में 17 किलो सोने-चांदी के जेवरों से भरी डेग (मटकी) दबी है, जिसे केवल विशेष पूजा और तंत्र-मंत्र से ही निकाला जा सकता है।

ढोंगी बाबा ने श्रद्धालु को 17 किलो जेवर का लालच देकर ठगे चार लाख रुपए, नकली मटकी थमाकर हुआ फरार
REPORTED BY - MAHATAB KHAN, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रायबरेली/जनमत न्यूज़। जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र के पिंडारी कलां गांव में एक ढोंगी बाबा द्वारा ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाबा ने ग्रामीण को यह विश्वास दिलाया कि उसके घर में 17 किलो सोने-चांदी के जेवरों से भरी डेग (मटकी) दबी है, जिसे केवल विशेष पूजा और तंत्र-मंत्र से ही निकाला जा सकता है।

ग्रामीण रितेश गुप्ता बाबा के झांसे में आ गया और पूजा-पाठ के नाम पर करीब चार लाख रुपए दे दिए। बाबा ने पूजा पूरी होने का दावा करते हुए रितेश को एक पीतल की मटकी थमा दी, जिसमें कथित तौर पर जेवर और हीरे-रत्न होने की बात कही। लेकिन जब मटकी खोली गई तो उसमें नकली सिक्के और जाली हीरे निकले।

ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक रायबरेली को पूरे प्रकरण की जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी बाबा फरार बताया जा रहा है। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने ऐसे ढोंगी बाबाओं और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।