महात्मा गांधी ने जिन अधिकारों की लड़ाई लड़ी, वे खतरे में हैं; कटिहार में बरसीं प्रियंका गांधी
कटिहार में आज कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी चुनावी जनसभा में कहा, "आज कांग्रेस पार्टी और महागठबंधन जो लड़ाई लड़ रहे हैं, वही लड़ाई महात्मा गांधी ने लड़ी थी।
कटिहार। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है। अब दूसरे चरण की 122 सीटों को लेकर सभी पार्टियां पूरी ताकत झोंकने में लगी हुई हैं।
इसी के चलते बिहार में PM नरेंद्र मोदी, LOP राहुल गांधी, गृहमंत्री अमित शाह और सांसद प्रियंका गांधी समेत देश के तमाम बड़े नेता जनसभा या रोड शो कर रहे हैं। इस बीच राजनीतिक बयानबाजी भी जारी है। नेता एक दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं और वोटरों को अपनी ओर खींचने का प्रयास कर रहे हैं।
इसी क्रम में कटिहार में आज कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी चुनावी जनसभा में कहा, "आज कांग्रेस पार्टी और महागठबंधन जो लड़ाई लड़ रहे हैं, वही लड़ाई महात्मा गांधी ने लड़ी थी।
आज भी हम आपके अधिकारों के लिए, सच्चाई के लिए, एक साम्राज्य के खिलाफ लड़ रहे हैं, और वह साम्राज्य है, नरेंद्र मोदी का। आज, वह लोगों को दबाकर उसी तरह इस देश को चला रहे हैं, और उनकी पार्टी अफवाहें फैला रही है।
आज, महात्मा गांधी ने जिन अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी थी, वे खतरे में हैं। सबसे आवश्यक अधिकारों में से एक मतदान का अधिकार है। आज, भाजपा ने संविधान को कमजोर करने की पूरी कोशिश की। उन्होंने मतदान की चोरी शुरू कर दी।"
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी देश के सभी सार्वजनिक उपक्रमों (PSU) को अपने कुछ कॉरपोरेट मित्रों के हवाले कर रहे हैं, जिससे आम जनता का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जनता की संपत्ति को कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को सौंप रहे हैं, जबकि देश के आम लोग इसका भाड़ा चुका रहे हैं।”

Janmat News 
