कानपुर देहात: बच्चों ने दिखाई विकसित भारत की तस्वीर, सेवा संकल्प अभियान में गूंजा देशभक्ति का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है।
कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट
कानपुर देहात/जनमत न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में उप्र के कानपुर देहात जनपद में शिक्षा विभाग की ओर से ईको पार्क में “मेरे सपनों का भारत” थीम पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने पोस्टर के जरिए विकसित भारत की अपनी कल्पना को रंगों में उकेरा। वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कानपुर देहात के ईको पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। “मेरे सपनों का भारत” थीम पर बच्चों ने विकसित भारत को लेकर आकर्षक पोस्टर बनाए।
बच्चों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से देश के विकास, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और देशभक्ति कार्यक्रम भी पेश किए गए, जिन्हें मौजूद लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का अवलोकन उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अजीत सिंह पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, जिलाधिकारी कपिल सिंह और मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने किया। इस दौरान बच्चों की प्रतिभा और उनके द्वारा विकसित भारत को लेकर बनाए गए पोस्टरों की सराहना की गई।
वहीं उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए कार्यक्रम की सराहना की।
इसी दौरान रायबरेली में समाजवादी पार्टी द्वारा निकाली गई पीडीए रथयात्रा को लेकर भी प्रतिभा शुक्ला ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सभी को जातिगत भेदभाव छोड़कर एकजुट होकर हिंदुत्व की रक्षा करनी चाहिए।
वहीं राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अजीत सिंह पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों ने सराहनीय कार्यक्रम प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है।



