झारखण्ड में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रेलर के अंदर घुसी कार; मंत्री की बेटी समेत चार की मौत
झारखण्ड के जमशेदपुर के नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है। इस हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी का निधन हो गया।
जमशेदपुर/जनमत न्यूज़। झारखण्ड के जमशेदपुर के नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है। इस हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी का निधन हो गया।
इस हादसे में जान गंवाने वालों में दीपिका पांडेय की बेटी के साथ उनके तीन दोस्तो की भी जान चली गई। तृषा एलएलआरआई की छात्रा थीं और अपने दोस्तों के साथ कार से कहीं जा रही थीं, तभी हादसा हो गया। हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया है।
खड़े ट्रेलर में घुस गई कार
मामला सोनारी थाना क्षेत्र का है। यहां ब्रेक डाउन ट्रेलर खड़ा था। इस दौरान पीछे से आ रही कार तेजी से ट्रेलर के अंदर घुस गई और दर्दनाक हादसे में दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के साथ ही चार लोगों की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन मौके पर पहुंचा और गैस कटर से काटकर शवों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में मृतकों के शव बुरी तरह जख्मी हुए थे।
मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया शोक
गुरुवार सुबह हुए इस हादसे को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है।
अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।
इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”



