मुजफ्फरनगर में अवैध हथियारों के दो सौदागर गिरफ्तार, 4 हथियार बरामद; मेरठ के रहने वाले हैं आरोपी

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के रतनपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मुजफ्फरनगर में अवैध हथियारों के दो सौदागर गिरफ्तार, 4 हथियार बरामद; मेरठ के रहने वाले हैं आरोपी
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के रतनपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मांग के आधार पर अवैध हथियारों की सप्लाई कर आर्थिक लाभ कमाते थे।

23 सितंबर को संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो .32 बोर की देशी पिस्टल, एक .12 बोर मस्कट और एक .315 बोर तमंचा बरामद हुआ।

इसके अलावा चार जिंदा कारतूस .32 बोर, एक जिंदा कारतूस .12 बोर और एक जिंदा कारतूस .315 बोर भी बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित उर्फ भूरा पुत्र रविन्द्र निवासी उलकपुर, थाना इंचौली, मेरठ (21 वर्ष) और मनीष पुत्र ताहर सिंह निवासी राली चौहान, थाना भावनपुर, मेरठ (22 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ मेरठ जनपद के अलग-अलग थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब हथियारों की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, जिससे हथियारों की सप्लाई करने वाले और खरीददारों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। मामले में थाना रतनपुरी पर मु0अ0सं0 159/2026, धारा 3/5/25/26 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।