कौशांबी: ज़मीन के लालच में रिश्तों का क़त्ल, बेटों ने मां के साथ मिलकर की पिता की हत्या
उप्र के कौशांबी जिले में सगे बेटों ने अपनी मां के साथ मिलकर पिता की हत्या कर दी। वजह हैरान कर देने वाली है। आरोपी ने इस लिए रिश्तों का क़त्ल किया, क्योंकि पिता ज़मीन नही दे रहा था
कौशांबी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट
कौशांबी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशांबी जिले में सगे बेटों ने अपनी मां के साथ मिलकर पिता की हत्या कर दी। वजह हैरान कर देने वाली है। आरोपी ने इस लिए रिश्तों का क़त्ल किया, क्योंकि पिता ज़मीन नही दे रहा था और इसी वजह से उसकी शादी नही हो पा रही थी।
एसपी राजेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक मृतक नाथन सरोज ने दो शादियां की थीं। बताया जा रहा है कि उसने अपनी दूसरी पत्नी सावित्री के नाम पहले ही करीब सवा बीघा जमीन लिख दी थी सावित्री और नाथन को एक बेटा भी है और अब बची हुई संपत्ति भी उसी के नाम करना चाहते थे।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी लवलेश ने पूछताछ में बताया कि उसकी शादी के लिए जब भी कोई रिश्ता आता था तो पिता साफ कह देते थे कि वे इन लोगों को जमीन नहीं देंगे। इसी बात को लेकर वह नाराज़ रहता था और उसकी शादी भी नहीं हो पा रही थी।
इसी नाराज़गी के चलते पहली पत्नी कलुटिया के दोनों बेटों ने पिता की हत्या की साजिश रची और मां के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को घसीटकर खेत की ओर ले जाकर फेंक दिया और फरार हो गए।
मामले की जानकारी मिलने के बाद महेवाघाट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को लौगावा नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Janmat News 
