अयोध्या: विधवा के पुत्र से भू माफियाओ ने धोखे से कराया रजिस्ट्री, पीड़िता ने दर्ज कराई एफआईआर
राम नगरी अयोध्या में धोखाधड़ी से ज़मीन हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त आदेश के बाद भी भूमाफिया ज़मीन हड़पने से बाज नहीं आ रहे है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। राम नगरी अयोध्या में धोखाधड़ी से ज़मीन हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त आदेश के बाद भी भूमाफिया ज़मीन हड़पने से बाज नहीं आ रहे है।
अयोध्या के महाराजगंज थाना क्षेत्र के राजेपुर गांव निवासी विधवा इन्दू सिंह ने प्रॉपर्टी डीलर और दो साथियों द्वारा जमीन की धोखाधड़ी कर ज़मीन रजिस्ट्री कराने और पुत्र के लापता होने का गंभीर आरोप लगाया है।
आरोप है कि बीकापुर के जलालपुर भगा निवासी प्रॉपर्टी डीलर अभिषेक तिवारी और दस्तावेज के दो गवाहों पर उनके बेटे हरिकृष्ण सिंह को नशा कराकर डेढ़ करोड़ रुपये की जमीन आठ लाख में रजिस्ट्री करा ली और अब बेटा 19 मई से लापता है।
दरअसल 20 अप्रैल 2026 को हरिकृष्ण को घर से बुलाकर रायबरेली रोड स्थित एक लॉन में रातभर रखा गया। आरोप है कि 21 अप्रैल को नशे की हालत में राजेपुर मांझा स्थित करीब 0.236 हेक्टेयर जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई।
इन्दू सिंह का आरोप है कि जानकारी होने के बाद 19 मई 2026 को उक्त लोग हरिकृष्ण को अपने साथ ले गए, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। उन्हें आशंका है कि जमीन के लालच में बेटे के साथ अनहोनी की गई हो सकती है।
पीड़िता ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई और बेटे की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। पीड़ित ने शिकायती पत्र डीएम, एसएसपी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर देकर न्याय की गुहार लगाई है।


