पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, खाली बाल्टियां सिर पर रख कलेक्ट्रेट पहुंचे लोग
पानी की समस्या से परेशान महिलाएं और ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज कराई।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद फतेहपुर में पानी की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। भिटौरा ब्लॉक के मदरियापुर गांव के ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं, सिर पर खाली बाल्टियां रखकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से समस्या के जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने सरकारी नलकूप पर मोटर लगा दी है, जिसके कारण पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है। इससे गांव के कई परिवारों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या के चलते उन्हें दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
पानी की समस्या से परेशान महिलाएं और ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच कर सरकारी नलकूप से मोटर हटवाई जाए और पानी की आपूर्ति को सुचारू किया जाए।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे गांव में जल संकट लगातार गहराता जा रहा है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल प्रशासन ने ग्रामीणों की शिकायत लेकर मामले की जांच का आश्वासन दिया है।


