खानपुर डैम में जलसंकट गहराया: इस्लामाबाद-रावलपिंडी में सिर्फ 35 दिन का पानी शेष
इस्लामाबाद और रावलपिंडी की जल आपूर्ति का मुख्य स्रोत खानपुर डैम तेजी से खाली होता जा रहा है...

देश/विदेश (जनमत): इस्लामाबाद और रावलपिंडी की जल आपूर्ति का मुख्य स्रोत खानपुर डैम तेजी से खाली होता जा रहा है। डैम में अब केवल 35 दिन का पानी बचा है, जिससे दोनों शहरों के साथ-साथ पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की सिंचाई व्यवस्था पर संकट मंडराने लगा है।
यह डैम हारो नदी पर स्थित है, जो आगे चलकर सिंधु नदी में मिलती है। कैचमेंट एरिया में अपेक्षित वर्षा न होने के कारण जल स्तर तेजी से घट रहा है। डैम में प्रतिदिन केवल 82 क्यूसेक पानी की आमद हो रही है, जबकि आपूर्ति बनाए रखने के लिए 235 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
फिलहाल डैम से इस्लामाबाद को 90, खैबर पख्तूनख्वा को 48 और पंजाब को 42 क्यूसेक पानी भेजा जा रहा है। जलस्तर में और गिरावट आने की स्थिति में प्रबंधन केवल पीने के पानी की आपूर्ति पर ध्यान देगा और सिंचाई के लिए पानी की कटौती की जा सकती है।
इस्लामाबाद-रावलपिंडी क्षेत्र को खानपुर डैम के अलावा सिमली डैम, गाजी बरोठा डैम और रावल झील से भी पानी मिलता है, लेकिन मौजूदा हालात में खानपुर डैम की स्थिति सबसे चिंताजनक है।
हालांकि, कुछ मीडिया अटकलों के विपरीत, इस जल संकट का भारत द्वारा सिंधु जल संधि निलंबित करने से कोई संबंध नहीं है। खानपुर डैम की जल आपूर्ति हारो नदी पर निर्भर है, जो सीधे भारत से नहीं आती।