15 दिन में करें सभी समस्याओं का समाधान: CM योगी का अफसरों को सख्त निर्देश
CM Yogi Adityanath ने गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों को 15 दिन में सभी समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया, यूनिटी मार्च में भी होंगे शामिल।
गोरखपुर/जनमत न्यूज़:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि “हर फरियाद का निस्तारण 15 दिन के अंदर होना चाहिए”।
सीएम योगी ने जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं, जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक रही। शिकायतों में अवैध कब्जे से लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना की दिक्कतें तक शामिल थीं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अवैध कब्जे के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई करें और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि “हर समस्या का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से होना चाहिए।”
यूनिटी मार्च में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने ‘एकता पदयात्रा’ (Unity March) की शुरुआत की है। यह पदयात्राएं 20 नवंबर तक चलेंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित कई मंत्री, सांसद और विधायक इन यात्राओं का नेतृत्व करेंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री और अभियान संयोजक संजय राय ने बताया कि सोमवार को मुख्यमंत्री योगी गोरखपुर विधानसभा क्षेत्र की पदयात्रा में शामिल होंगे। इन यात्राओं के दौरान लोगों को सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान और राष्ट्रीय एकता में उनकी भूमिका से अवगत कराया जाएगा।

Janmat News 
