शराब के नशे में युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा, होमगार्ड से बदसलूकी का वीडियो वायरल
ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड यातायात व्यवस्था संभाल रहा था, तभी नशे में धुत युवक वहां पहुंचा और उससे अभद्रता करने लगा।
संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —
संभल/जनमत न्यूज। संभल जिले के बबराला कस्बे में शराब के नशे में धुत एक युवक द्वारा ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड से बदसलूकी और हंगामा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवक ने होमगार्ड का डंडा छीनकर जमीन पर पटक दिया और करीब 40 मिनट तक सड़क पर हंगामा करता रहा।
घटना बबराला कस्बे के नेहरू चौक की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड यातायात व्यवस्था संभाल रहा था, तभी नशे में धुत युवक वहां पहुंचा और उससे अभद्रता करने लगा। आरोप है कि युवक ने होमगार्ड का डंडा छीनकर सड़क पर फेंक दिया और लगातार गाली-गलौज करता रहा।
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवक पुलिसकर्मियों के सामने भी उग्र बना रहा। वीडियो में युवक पुलिस को धमकाते हुए खुद को संभल का दबंग बताता नजर आ रहा है। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा लगातार जारी रहा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक खुलेआम होमगार्ड से बदसलूकी करता और हंगामा मचाता दिखाई दे रहा है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
गुन्नौर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। युवक की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। जांच के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


