2027 में फिर प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार: सहारनपुर में बोले नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को सहारनपुर जनपद पहुंचे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक संवाद किया।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/ जनमत न्यूज़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को सहारनपुर जनपद पहुंचे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक संवाद किया।
सहारनपुर में कार्यकर्ताओं के उत्साह का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने 2027 में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि सहारनपुर समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और उत्साह दिखाई दे रहा है, जो 2027 के चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों का संकेत है।
नितिन नवीन ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के साथ-साथ वरिष्ठ नेताओं से भी फीडबैक लिया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी के सांसदों-विधायकों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन एकजुट होकर 2027 के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संत रविदास जयंती के अवसर पर सहारनपुर स्थित संत रविदास मंदिर पहुंचकर दर्शन भी किए। उन्होंने समाज के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक समरसता और विकास की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास कर रही है।
नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे, सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास और नई तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा का यह संगठनात्मक अभियान 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जमीनी फीडबैक लेने और चुनावी तैयारियों को धार देने पर है।



