मुजफ्फरनगर के चकबंदी कार्यालय पर भाकियू टिकैत का धरना, अधिकारी-कर्मचारियों पर लगाए गंभीर आरोप
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद स्थित चकबंदी विभाग कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले किसानों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद स्थित चकबंदी विभाग कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले किसानों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का आरोप है कि विभाग में बिना सुविधा शुल्क के कार्य नहीं किए जा रहे हैं तथा मनमाने तरीके से किसानों को परेशान किया जा रहा है।
धरने की सूचना मिलते ही कार्यालय के कई कर्मचारी एवं अधिकारी मौके से गायब हो गए, जिससे किसानों में और अधिक रोष व्याप्त हो गया। प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि चकबंदी विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है और किसानों के कार्यों में अनावश्यक अड़चनें डाली जा रही हैं।
भाकियू टिकैत पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक धरना जारी रहेगा। किसानों ने धरनास्थल पर ही डेरा डाल दिया है तथा खाने-पीने का सामान भी साथ लेकर पहुंचे हैं।
धरने के चलते चकबंदी विभाग कार्यालय परिसर में भारी संख्या में किसान मौजूद रहे। मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किसानों से वार्ता के प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।


