बहराइच में गोकशी के आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली; तीन गिरफ्तार

उप्र के बहराइच जनपद के मोतीपुर थाना क्षेत्र में गोकशी की घटना के आरोपियों और पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई।

बहराइच में गोकशी के आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली; तीन गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट  

बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद के मोतीपुर थाना क्षेत्र में गोकशी की घटना के आरोपियों और पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई।

पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, जिसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

मौके से तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू, तराजू-बांट और मांस काटने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद होने का पुलिस ने दावा किया है। बहराइच के मोतीपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और शातिर अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई।

पुलिस के मुताबिक, जोगनिया बैराज मार्ग स्थित बाढ़ राहत केंद्र बंधा मोड़ कंजड़वा के पास पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गायघाट की तरफ से बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए।

पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी सोनू पुत्र मुल्ला के दाहिने पैर में गोली लगी। वहीं पुलिस ने पीछा कर उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू पुत्र मुल्ला, शहजाद उर्फ कलूटे पुत्र रमजान और सोनू पुत्र भुसैली के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, 1,940 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, तराजू-बांट, मांस काटने वाला लकड़ी का ठीहा और तीन चाकू बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी सोनू के खिलाफ पहले से गोकशी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं।

दरअसल, 24 सितंबर को मोतीपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर खुर्द गांव में गोवंश के कुछ अवशेष मिलने के बाद पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

जांच के दौरान कुछ आरोपियों के नाम सामने आए और पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दोबारा इसी तरह की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। मोतीपुर थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों का संबंध 24 सितंबर को शाहपुर खुर्द में मिले गोवंश के अवशेषों के मामले से है। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।