सहारनपुर शाकुंभरी देवी मेले की सुरक्षा का पूरा प्लान तैयार, बने 3 कंट्रोल रूम और अस्थायी थाना
उप्र के सहारनपुर जनपद में आगामी 11 अक्टूबर से माता शाकुंभरी देवी मंदिर परिसर में लगने वाले मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन की अध्यक्षता में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद में आगामी 11 अक्टूबर से माता शाकुंभरी देवी मंदिर परिसर में लगने वाले मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन की अध्यक्षता में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि मेले में पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य विभागों के कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। मेले को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं 9 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र की CCTV कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन कंट्रोल रूम बनाए गए हैं और एक अस्थायी थाना स्थापित किया गया है।
मंदिर परिसर में पानी आने की समस्या के समाधान के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। इसके साथ ही आपदा से संबंधित कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के लिए QRT टीम गठित की गई है।
डीएम ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग, पेयजल समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराया जा रहा है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार समन्वय बनाकर मेले की व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे, ताकि मेला शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।



