गंगा की बाढ़ में बहकर गांव पहुंचा 12 फीट का मगरमच्छ, चार घंटे बाद रेस्क्यू
गंगा में जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ बहकर आबादी वाले क्षेत्र तक पहुंच गया। कुछ ग्रामीणों ने खेतों की ओर जाते समय उसे देखा, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज। जिले के कायमगंज तहसील अंतर्गत कम्पिल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सवितापुर बिहारीपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गंगा नदी की बाढ़ के तेज बहाव के साथ करीब 12 फीट लंबा विशाल मगरमच्छ गांव में आ पहुंचा। अचानक मगरमच्छ को देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबक गए।
बताया जा रहा है कि गंगा में जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ बहकर आबादी वाले क्षेत्र तक पहुंच गया। कुछ ग्रामीणों ने खेतों की ओर जाते समय उसे देखा, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया। इस दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए, ताकि किसी ग्रामीण को नुकसान न पहुंचे।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छ को आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पुनः गंगा नदी में छोड़ दिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि बाढ़ के समय सतर्क रहें और किसी भी जंगली जीव के दिखने पर तुरंत विभाग को सूचित करें। घटना के बाद गांव में राहत का माहौल है, लेकिन लोग अभी भी सतर्क बने हुए हैं।


