भारत की आजादी में सबसे बड़ी भूमिका मदरसों की: भाजपा नेताओं के बयानों पर शहाबुद्दीन बरेलवी की तीखी प्रतिक्रिया
आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने आसाम के मुख्यमंत्री हेमंत कुमार विश्व शर्मा, महाराष्ट्र के मंत्री नीतीश राने, और उत्तर प्रदेश के मंत्री रविंद्र जैसवाल के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट
बरेली/जनमत न्यूज़। आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने आसाम के मुख्यमंत्री हेमंत कुमार विश्व शर्मा, महाराष्ट्र के मंत्री नीतीश राने, और उत्तर प्रदेश के मंत्री रविंद्र जैसवाल के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
मौलाना ने कहा कि भारत को आजाद कराने में सबसे बड़ी भूमिका मदरसों से सम्बंधित धार्मिक उलमा और छात्र थे। इन लोगों ने अंग्रेजों के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
यही वो लोग हैं जिन्होंने इंकलाब जिंदाबाद के नारे के साथ जंगो आजादी में रूह फूकी, इन्हीं उलमा ने अंग्रेजों के खिलाफ दिल्ली की जामा मस्जिद से फतवा जारी किया। जिससे आंदोलन में और जोश बड़ा। अफसोस की बात ये है कि आज इन्हीं लोगों को आतंकवादी कहा जा रहा है, और मदरसों को बंद करने की बात की जा रही है।
मौलाना ने कहा कि पद पर बैठे हुए लोगों को इंसाफ की बात करना चाहिए, मगर ये लोग समाज को तोड़ने और नफ़रत फैलाने वाली बातें कर रहे हैं। जिससे माहौल में तनाव फैलता है, फिर वो सम्प्रदायक का रूप ले लेता है।
इसलिए संविधानिक पदों पर बैठे हुए मंत्रियों को किसी भी समुदाय को निशाना नहीं बनाना चाहिए, अगर हर व्यक्ति किसी न किसी समुदाय के लोगों को निशाना बनाएगा तो फिर देश में अराजकता फैल जाएगी। इसलिए ऐसे भड़काने और उकसाने वाले बयानों से बचना चाहिए।
इन तीनों मंत्रियों के कहे गए बयान पर कि मुसलमान आतंकवादी होता है और मदरसों को बंद कर देना चाहिए। इस पर मौलाना ने तीनों से सवाल करते हुए कहा कि गांधी जी, इंद्रा गांधी, राजीव गांधी आदि की हत्या करने वाला मुस्लमान नहीं था।
ऐसे ही नेपाल के शाही घराने के पूरे परिवार की हत्या करने वाला भी मुसलमान नहीं था, श्रीलंका के राष्ट्रपति को मारने वाला भी मुसलमान नहीं था। ऐसी सूरत में इन तीनों मंत्रियों का मुसलमानो पर आरोप लगाना सरासर निराधार है। आतंकवाद एक बिमारी है और इस बिमारी से सबको मिलकर लड़ना होगा।

Janmat News 
