घंटाघर चौक की ऊँची मीनार पर चढ़ा सरफिरा युवक, धक्का देकर दो लोगों को किया घायल
दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत कर मीनार पर चढ़े युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —
बहराइच/जनमत न्यूज। नगर कोतवाली क्षेत्र के घंटाघर चौराहे पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सरफिरा युवक अचानक ऊँची मीनार पर चढ़ गया। युवक को नीचे उतारने के प्रयास में पहुंचे दो लोगों को उसने ऊपर से धक्का दे दिया, जिससे दोनों नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस व दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत कर मीनार पर चढ़े युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। बताया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से अस्थिर है और लगातार ऊंचाई पर बैठकर नीचे आने से मना कर रहा था, जिसके चलते स्थिति अत्यंत संवेदनशील हो गई थी।
पुलिस ने घायल दोनों व्यक्तियों तथा युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सा टीम घायल व्यक्तियों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
घटना के कारण घंटाघर क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि ऐसी घटना पहली बार हुई है, जिससे क्षेत्र में दहशत और जिज्ञासा दोनों पैदा कर दी।

Janmat News 
