पुलिस जीप में बैठकर दबंगई रील बनाना युवक को पड़ा भारी, वीडियो वायरल होने पर हुई गिरफ्तारी

दौलतपुर निवासी अवनीश (उम्र 28 वर्ष, पिता गौरीशंकर) ने पुलिस की सरकारी जीप (यूपी 82 जी 0262) में बैठकर वीडियो बनाया। वीडियो में "हम ऐसे कुल में जन्मे जहां डरना नहीं सिखाया" गीत का प्रयोग किया गया था,

पुलिस जीप में बैठकर दबंगई रील बनाना युवक को पड़ा भारी, वीडियो वायरल होने पर हुई गिरफ्तारी
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —

एटा/जनमत न्यूज। सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक एक युवक को उस समय महंगा पड़ गया, जब उसने पुलिस विभाग की सरकारी जीप में बैठकर दबंगई भरी वीडियो शूट कर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और युवक को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

मामला एटा जनपद का है, जहां दौलतपुर निवासी अवनीश (उम्र 28 वर्ष, पिता गौरीशंकर) ने पुलिस की सरकारी जीप (यूपी 82 जी 0262) में बैठकर वीडियो बनाया। वीडियो में "हम ऐसे कुल में जन्मे जहां डरना नहीं सिखाया" गीत का प्रयोग किया गया था, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह जीप सकीट थाना पुलिस की है।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई और युवक की गिरफ्तारी के आदेश दिए गए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के पर्यवेक्षण में सकीट पुलिस ने अवनीश को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद अवनीश ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में ऐसा न करने का लिखित व मौखिक आश्वासन दिया। युवक ने सफाई देते हुए बताया कि पुलिस जीप रास्ते में खराब खड़ी थी, चालक मिस्त्री लेने गया था और जीप खाली देखकर उसने वीडियो बना लिया था।

थाना प्रभारी विदेश राठी ने जानकारी दी कि सरकारी वाहन की गरिमा और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया गया है, इसलिए संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।