पुलिस मुठभेड़ में लूट के दो आरोपी गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचे गए
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है तथा उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
Raebareli /जनमत न्यूज। रायबरेली जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बछरावां थाना पुलिस एवं विशेष पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात में शामिल दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगने के बाद उन्हें दबोच लिया गया।
पुलिस अधीक्षक Ravi Kumar के निर्देशन में पुलिस टीम शारदा नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सफेद मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सोनू उर्फ शिवसहाय सिंह निवासी Pratapgarh तथा चंद्रेश्वर केसरवानी उर्फ गोलू निवासी Amethi के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने 6 मई को बछरावां क्षेत्र में एक महिला से लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इस संबंध में थाना बछरावां में पहले से मुकदमा दर्ज था और पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा कारतूस, दो पीली धातु की चेन तथा 11,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया है। राहत की बात यह रही कि इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम का कोई जवान घायल नहीं हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है तथा उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Janmat News 
