उरई में भरभरा कर गिरा निर्माणाधीन स्टेट हाईवे का द्वार, तीन मजदूर घायल; मची अफरा-तफरी

उप्र के उरई जनपद के जालौन-औरैया स्टेट हाईवे पर सनगढ़ के पास यमुना नदी के पुल पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया।

उरई में भरभरा कर गिरा निर्माणाधीन स्टेट हाईवे का द्वार, तीन मजदूर घायल; मची अफरा-तफरी
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद के जालौन-औरैया स्टेट हाईवे पर सनगढ़ के पास यमुना नदी के पुल पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन गेट की एक बीम अचानक ढह गई, जिससे वहां काम कर रहे आधा दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जालौन औरैया मार्ग पर पुल के एक हिस्से को बंद कर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान गेट की भारी बीम अचानक नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में आकर कई मजदूर घायल हो गए।

आसपास मौजूद लोगों और अन्य मजदूरों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को मलबे से बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

सभी घायल मजदूरों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पांच मजदूरों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

इस दुर्घटना के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार और संबंधित एजेंसियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। जालौन के एसडीएम हेमंत पटेल ने बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार, तीन मजदूर घायल हुए हैं।