अयोध्या में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, घर-घर तिरंगा अभियान के तहत डॉ. दिनेश शर्मा ने किया शुभारंभ
उप्र के अयोध्या जनपद में आज भव्य तिरंगा यात्रा निकली। घर-घर तिरंगा अभियान के तहत गांधी पार्क से यह यात्रा निकली।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद में आज भव्य तिरंगा यात्रा निकली। घर-घर तिरंगा अभियान के तहत गांधी पार्क से यह यात्रा निकली।
इस तिरंगा यात्रा का शुभारंभ राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने किया। यात्रा में हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया।
वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारे के साथ सिविल लाइंस से चौक घंटाघर तक राष्ट्रभक्ति का माहौल गूंजा। इस अवसर पर डॉ. शर्मा ने कहा, अयोध्या में तिरंगे का विशेष महत्व है। यहां श्रीराम की मर्यादा और तिरंगे का स्वाभिमान है।
उन्होंने जातिवाद-संप्रदायवाद खत्म करने का संदेश देते हुए देश की एकता और अखंडता मजबूत करने पर जोर दिया। संतों के सम्मान पर बोले डॉ. शर्मा दोषी को संरक्षण नहीं, लेकिन निर्दोष संतों का अपमान नहीं होना चाहिए।
डॉ. शर्मा ने कहा कि राम जन्मभूमि की तपस्या और कारसेवकों का बलिदान खंडित या कलंकित नहीं किया जा सकता। सनातन का संदेश सबको साथ लेकर चलने का है, यह किसी मुस्लिम या ईसाई के विरोध में नहीं है।
इस दौरान विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, अभय सिंह अमित सिंह कमलेश श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए।




