रामपुर: कृषि विभाग की जमीन पर पेड़ों की कटाई की शिकायत, अधिकारी बोले- कराई गई है छंटाई
उप्र के रामपुर जनपद के शाहबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम तुरखेड़ा स्थित कृषि विभाग की 29.79 हेक्टेयर भूमि पर पेड़ों की कटाई की शिकायत सामने आई है।
रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के रामपुर जनपद के शाहबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम तुरखेड़ा स्थित कृषि विभाग की 29.79 हेक्टेयर भूमि पर पेड़ों की कटाई की शिकायत सामने आई है।
ग्रामीण शेरा ने आरोप लगाया कि विभाग की भूमि पर स्थित आम के बाग में हरे-भरे पेड़ काटे जा रहे हैं। शिकायत के बाद मौके का निरीक्षण किया गया तो पेड़ों की डालियों की छंटाई मिली।
इस भूमि पर आम का बाग, कार्यालय, प्रयोगशाला और अधिकारियों-कर्मचारियों के आवास बने हुए हैं, शेष भूमि पर खेती होती है। हाल ही में यहां धान की फसल की कटाई कंबाइन से कराई गई थी।
मामले में प्रक्षेत्र अधीक्षक अमरपाल ने बताया कि कंबाइन मशीन को खेत से बाहर निकालने में पेड़ों की डालियां बाधा बन रही थीं, इसलिए सिर्फ डालियों की छंटाई कराई गई है।
उन्होंने बताया कि परिसर में यूकेलिप्टस के 39 विशालकाय और पुराने पेड़ खड़े हैं, जिनका वजन काफी अधिक है। इनसे विभागीय भवनों और ग्रामीणों के मकानों को खतरा है। इन पेड़ों की नीलामी के लिए डीएफओ कार्यालय से संपर्क किया गया है। नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नियमानुसार पेड़ों की कटाई कराई जाएगी।



