अयोध्या में अंबेडकर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, हजारों लोगों ने किया सहभाग
शोभायात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिनके माध्यम से बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और शिक्षा के महत्व को दर्शाया गया। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया,
अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —
अयोध्या/जनमत न्यूज। भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर अयोध्या में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। समाजसेवी जगदीश बौद्ध के नेतृत्व में निकली इस शोभायात्रा में हजारों लोगों ने भाग लिया और बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोभायात्रा की शुरुआत बेनीगंज स्थित रमन गेस्ट हाउस से हुई, जहां बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होते हुए पुनः रमन गेस्ट हाउस पहुंचकर देर रात संपन्न हुई।
इस दौरान शोभायात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिनके माध्यम से बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और शिक्षा के महत्व को दर्शाया गया। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, वहीं कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के अध्यक्ष जगदीश बौद्ध एवं चन्दन कोरी ने सभी देशवासियों को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित, पिछड़े और कमजोर वर्गों को उनका अधिकार दिलाया तथा देश को संविधान प्रदान किया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा को प्राथमिकता दें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें।
उन्होंने बाबा साहेब के संदेश “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो जितना पिएगा उतना दहाड़ेगा” को दोहराते हुए युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया और संविधान का अध्ययन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दीपक चौधरी, हरिओम सोनकर, दीपक नारंग, राहुल सेन, हरि चन्दुडा, बसंत जी, रवि प्रकाश मौर्य, सिकंदर, जंग बहादुर कोरी, प्रदीप कुमार, अजय आजाद सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Janmat News 
