हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर गांव में गेहूं भरने के लिए टैंक में उतरे प्रधानपति और एक पड़ोसी की जहरीली गैस से दम घुटने के कारण मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक बेहोश हो गया।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर गांव में प्रधान विद्यावती के पति सुरेंद्र गेहूं भरने के लिए घर के गहरे टैंक में उतरे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि टैंक के भीतर जहरीली गैस भरी हुई है। नीचे उतरते ही वह गैस की चपेट में आकर अचेत हो गए।
सुरेंद्र को तड़पता देख पड़ोसी कैलाश उन्हें बचाने के लिए बिना सोचे-समझे टैंक में उतर गए, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। इसके बाद गांव के ही प्रमोद ने रस्सी के सहारे टैंक में उतरकर दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी अंदर जाकर बेहोश हो गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को बिलग्राम सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र और कैलाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रमोद का इलाज जारी है और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) बिलग्राम रवि प्रकाश और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई। वहीं एएसपी सुबोध गौतम ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कर तीनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई।
इस हृदयविदारक घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। एक छोटे से काम के दौरान हुई लापरवाही ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए।