फाजिलनगर नगर पंचायत उपचुनाव में भाजपा की जीत, सुनीता शाही बनीं अध्यक्ष
भाजपा प्रत्याशी सुनीता शाही को कुल 5258 वोट प्राप्त हुए, जबकि सपा प्रत्याशी अवधेश सिंह को 4541 मत मिले। परिणाम घोषित होते ही भाजपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट —
कुशीनगर/जनमत न्यूज। कुशीनगर जिले की नगर पंचायत फाजिलनगर के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया है। भाजपा प्रत्याशी सुनीता शाही ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अवधेश सिंह को हराकर विजय हासिल की।
मतगणना के बाद घोषित परिणामों के अनुसार भाजपा प्रत्याशी सुनीता शाही को कुल 5258 वोट प्राप्त हुए, जबकि सपा प्रत्याशी अवधेश सिंह को 4541 मत मिले। परिणाम घोषित होते ही भाजपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया।
विजय के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनीता शाही ने नगरवासियों का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने विकास और विश्वास की राजनीति पर मुहर लगाई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फाजिलनगर नगर पंचायत में चौमुखी विकास कार्य कराए जाएंगे और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
उधर, चुनाव परिणाम के बाद पूरे क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे सरकार की नीतियों और संगठन की मेहनत की जीत बताया है।

Janmat News 
