राधा-वृन्दावन चंद्र की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, त्रिदिवसीय कार्तिक उत्सव का हुआ शुभारंभ

वृन्दावन के चंद्रोदय मंदिर में त्रिदिवसीय कार्तिक उत्सव की शुरुआत श्रीश्री राधा-वृन्दावन चंद्र की भव्य शोभायात्रा से हुई। हजारों भक्तों ने संकीर्तन, दीपदान और पुष्पवृष्टि से उत्सव को भक्ति रस से भर दिया।

राधा-वृन्दावन चंद्र की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, त्रिदिवसीय कार्तिक उत्सव का हुआ शुभारंभ
Special Report- Abhilash Bhatt, Published By- A.K. Mishra

वृन्दावन/जनमत न्यूज़:- चंद्रोदय मंदिर में कार्तिक माह के पावन अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिला। त्रिदिवसीय कार्तिक उत्सव का शुभारंभ श्रीश्री राधा-वृन्दावन चंद्र की दिव्य भव्य शोभायात्रा से हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरा नगर भक्ति रस में सराबोर हो गया।

स्वर्ण-प्रभा से आलोकित रथ पर विराजमान श्रीश्री राधा-वृन्दावन चंद्र के दर्शन पाकर भक्त भावविभोर हो उठे। शोभायात्रा प्रारंभ होने से पूर्व मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे और सुगंधित पुष्पों से सजाया गया। भक्तों ने स्वयं रथ को विशेष पुष्पों से अलंकृत किया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण में भक्ति, सौंदर्य और आनंद का संगम झलक उठा।

स्वर्ण रथ पर विराजमान ठाकुरजी के दर्शन

शोभायात्रा की शुरुआत में ठाकुर श्रीश्री राधा-वृन्दावन चंद्र को पालकी में विराजमान कर गर्भगृह से बाहर लाया गया और स्वर्ण रथ पर प्रतिष्ठित किया गया। नजर उतारने और सोहनी सेवा के उपरांत “स्वच्छ ब्रज” का संदेश भी जनमानस तक पहुँचाया गया।

पूजा-अर्चना के पश्चात भक्तों ने जय-जयकार करते हुए पुष्पवृष्टि की और रस्से खींचकर रथ को मंदिर परिसर में घुमाया। इस दौरान सड़कों पर खड़े नगरवासियों ने भी पुष्पवृष्टि कर ठाकुरजी का स्वागत किया।

हरिनाम संकीर्तन और दीपदान से गूंजा चंद्रोदय मंदिर

हरिनाम संकीर्तन की मधुर ध्वनि से सम्पूर्ण परिसर गूंज उठा। भक्तों ने ‘दामोदराष्टकम’ का गान करते हुए दीपदान किया और ठाकुर श्रीश्री राधा-वृन्दावन चंद्र से आशीर्वाद प्राप्त किया।


इस्कॉन बैंगलोर के विभिन्न केंद्रों से आए भक्तों ने भी हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से पूरे वातावरण को और अधिक भक्ति-मय बना दिया।

भक्तों का अपार उत्साह और जनभागीदारी

इस शोभायात्रा में मथुरा, आगरा, दिल्ली, नोएडा सहित कई नगरों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। हर दिशा से आती जयकार और संकीर्तन की ध्वनि ने वातावरण को दिव्यता से भर दिया।


कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष  किशन चौधरी ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई। भक्ति, सौंदर्य और उत्साह से भरे इस आयोजन ने वृन्दावन की पवित्र भूमि को फिर से भक्ति रस की धारा से सराबोर कर दिया।