औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
औरैया/जनमत न्यूज। जनपद औरैया में आज से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा को नकल विहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
जिले में कुल 71 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हाईस्कूल के 20,878 तथा इंटरमीडिएट के 19,886 परीक्षार्थी सहित कुल 40,764 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ‘तीसरी आंख’ की निगरानी की व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों से 100 मीटर की परिधि तक फोटोस्टेट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।
इसके अलावा सचल दलों का गठन किया गया है, जो लगातार विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और केंद्र व्यवस्थापकों को शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
परीक्षा के पहले दिन छात्र-छात्राएं समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंचते दिखाई दिए। अभिभावकों में भी बच्चों की सफलता को लेकर उत्साह और चिंता दोनों का माहौल रहा।
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से शांतिपूर्ण और ईमानदारी के साथ परीक्षा देने की अपील की है तथा सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।