फतेहपुर पुलिस का मई में चला बड़ा अभियान: अपराधियों पर कसा शिकंजा, मुठभेड़ में 13 गिरफ्तार, एक को मौत की सजा

फतेहपुर जिले में एसपी अनूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मई माह में अपराधियों के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया। इस दौरान गौहत्या, लूट, छेड़खानी सहित कुल 8 गंभीर अपराधों में लिप्त 13 अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।

फतेहपुर पुलिस का मई में चला बड़ा अभियान: अपराधियों पर कसा शिकंजा, मुठभेड़ में 13 गिरफ्तार, एक को मौत की सजा
REPORTED BY - BHIM SHANKAR, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

फतेहपुर/जनमत न्यूज। फतेहपुर जिले में एसपी अनूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मई माह में अपराधियों के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया। इस दौरान गौहत्या, लूट, छेड़खानी सहित कुल 8 गंभीर अपराधों में लिप्त 13 अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त जिला न्यायालय में पुलिस की सशक्त पैरवी के चलते 39 मामलों में 64 आरोपियों को सजा दिलाई गई, जिसमें एक अभियुक्त को मृत्युदंड, 17 को आजीवन कारावास और 21 को 10 वर्ष से अधिक की सजा सुनाई गई।
गैंगस्टर एक्ट के तहत 14(1) की कार्रवाई करते हुए 9 करोड़ से अधिक की चल-अचल संपत्ति जब्त की गई। वहीं 51 लोगों पर गुंडा एक्ट में कार्रवाई हुई। साइबर थाने की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए 3 पीड़ितों के कुल 65 हजार रुपये वापस कराए।
पुलिस परिवार परामर्श केंद्र की कोशिशों से 8 अलग रह रहे दंपतियों को फिर से मिलाया गया। महिला संबंधी अपराधों में पुलिस ने 43 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान में 20,000 लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए करीब 5.5 लाख रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।