एटा में ट्रक-ऑटो की टक्कर, एक की मौत सात घायल; पुलिस ने जब्त किया ट्रक
उप्र के एटा जनपद के मलावन थाना क्षेत्र में छछैना के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए।
एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट
एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद के मलावन थाना क्षेत्र में छछैना के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पलट गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया। राहगीरों की सूचना पर मलावन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मृतक की पहचान मलावन थाना क्षेत्र के गढ़िया सीलम निवासी 36 वर्षीय सचिन कुमार पुत्र रामपाल सिंह के रूप में हुई है। घायलों में 28 वर्षीय विनय (पुत्र विजेंदर, गढ़िया सीलम), 50 वर्षीय सोबरन सिंह (पुत्र बिहारी लाल, नगला धीर, एका, फिरोजाबाद),
65 वर्षीय रजनी (पत्नी राजाराम, बरसानू, मलावन), 35 वर्षीय मीरा (पत्नी राजपाल, नसीरपुर, बागवाला), 40 वर्षीय धीरज (पुत्र शालिग्राम, कस्बा मलावन), 35 वर्षीय मुकेश (पुत्र चंद्रपाल, भदवास, पिलुआ) और राधा देवी (पत्नी चंद्रपाल, भदवास, पिलुआ) शामिल हैं।
ऑटो चालक धीरज ने बताया कि पीछे से टक्कर मारी। ऑटो में छह लोग सवार थे। सभी घायल हुए है। पता नहीं चला किस वाहन ने टक्कर मारी है। सभी घायल हुए हैं।
मलावन थाना प्रभारी आर.के. सिंह ने बताया कि एटा की ओर से बोरियों से भरा एक ट्रक (नंबर NL 01AJ 7515) आ रहा था, जिसने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ट्रक भी पलट गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ऑटो को कब्जे में ले लिया है। राजमार्ग पर यातायात सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Janmat News 
