एटा में अवैध खनन माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, नौ ट्रैक्टर और एक जेसीबी जब्त, मचा हड़कंप

जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देश पर तहसीलदार सदर संदीप कुमार सिंह और नायब तहसीलदार सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने रिजोर थाना क्षेत्र के बाकलपुर के समीप छापेमारी कर सात ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन को खनन करते हुए पकड़ा।

एटा में अवैध खनन माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, नौ ट्रैक्टर और एक जेसीबी जब्त, मचा हड़कंप
REPORTED BY - NAND KUMAR, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

एटा/जनमत न्यूज। जनपद एटा में अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार की रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देश पर तहसीलदार सदर संदीप कुमार सिंह और नायब तहसीलदार सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने रिजोर थाना क्षेत्र के बाकलपुर के समीप छापेमारी कर सात ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन को खनन करते हुए पकड़ा। इसके अतिरिक्त दो ट्रैक्टर कोतवाली नगर क्षेत्र से भी जब्त किए गए।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से खनन कार्य चल रहा है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम ने रात में छापा मारा और अवैध खनन कर रहे वाहनों को पकड़ लिया। छापामार कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर और जेसीबी चालक मौके से फरार हो गए। सभी जब्त वाहनों को सीज कर संबंधित थाने में खड़ा करा दिया गया है।
प्रशासन ने जब्त वाहनों पर भारी जुर्माना लगाया है और खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की चेतावनी दी है। जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में किसी भी कीमत पर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मामले पर जानकारी देते हुए प्रशासनिक अधिकारी जगमोहन गुप्ता ने बताया कि, “प्रशासन की ओर से अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बीती रात भी रिजोर थाना क्षेत्र से सात ट्रैक्टर और एक जेसीबी को, तथा कोतवाली नगर क्षेत्र से दो ट्रैक्टरों को पकड़ा गया है। सभी वाहनों को सीज कर दिया गया है।”

इस कार्रवाई में तहसीलदार सदर संदीप कुमार सिंह, नायब तहसीलदार रिजोर सतीश चंद्र सम्राट, नायब तहसीलदार मारहरा सतीश चंद्र राजपूत, संग्रह अमीन लाल सिंह और पंकज कुमार प्रमुख रूप से शामिल रहे।