बहराइच पहुंचे AIMIM प्रदेश अध्यक्ष, बीजेपी, कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश की अधिकांश संस्थाओं पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा हो चुका है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग सहित कई संवैधानिक संस्थाएं वही करती हैं, जो भाजपा चाहती है।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —
बहराइच / जनमत न्यूज। जनपद बहराइच पहुंचे शौकत अली खान ने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बंगाल में चुनाव के बाद हुई नियुक्तियों और देश की संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
मीडिया से बातचीत के दौरान AIMIM प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश की अधिकांश संस्थाओं पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा हो चुका है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग सहित कई संवैधानिक संस्थाएं वही करती हैं, जो भाजपा चाहती है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान नियुक्त किए गए दो अधिकारियों को बाद में सरकार में महत्वपूर्ण पद दिए जाने पर भी सवाल खड़े किए।
शौकत अली खान ने कहा कि “देश की सबसे बड़ी समस्या भारतीय जनता पार्टी है, दूसरी बड़ी समस्या कांग्रेस और तीसरी बड़ी समस्या समाजवादी पार्टी है।” उन्होंने विपक्षी दलों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए राजनीतिक व्यवस्था की आलोचना की।
वहीं संसाधनों में कटौती और डीजल-पेट्रोल की बचत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए AIMIM नेता ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि सबसे पहले प्रधानमंत्री को अपनी विदेश यात्राओं में कटौती करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को अपने रहन-सहन और वाहनों के उपयोग में भी सादगी अपनानी चाहिए, ताकि देश आर्थिक संकट से उबर सके।
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष के बयान के बाद जिले की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और उनके बयान को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं।

Janmat News 
