अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान तीन मंजिला मकान पोकलैंड मशीन पर गिरा, चालक गंभीर रूप से घायल
मुख्य चौराहे के पास चल रहे सुंदरीकरण एवं अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान एक तीन मंजिला मकान अचानक पोकलैंड मशीन के ऊपर भरभराकर गिर पड़ा। इस घटना में मशीन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया
बांदा से दुर्गेश कश्यप की रिपोर्ट —
बांदा/जनमत न्यूज। जनपद बांदा के बबेरू कोतवाली क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुख्य चौराहे के पास चल रहे सुंदरीकरण एवं अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान एक तीन मंजिला मकान अचानक पोकलैंड मशीन के ऊपर भरभराकर गिर पड़ा। इस घटना में मशीन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि मुख्य चौराहे के सौंदर्यीकरण कार्य के तहत प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान एक बहुमंजिला मकान को हटाने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी अचानक मकान का ढांचा असंतुलित होकर सीधे पोकलैंड मशीन पर आ गिरा। गनीमत यह रही कि मशीन पूरी तरह मलबे में नहीं दबी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मकान गिरने का दृश्य स्पष्ट देखा जा सकता है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सौरभ सिंह और उप जिलाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। जेसीबी मशीन की मदद से घायल चालक को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार चालक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में नाराजगी देखने को मिली। व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाओ अभियान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तहसील प्रशासन और लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और तकनीकी सावधानी बरती जाती तो इस प्रकार की घटना से बचा जा सकता था।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और अभियान को सतर्कता के साथ आगे बढ़ाने की बात कही जा रही है।

Janmat News 
