अयोध्या दौरे पर पहुंचीं राज्य महिला आयोग की सदस्य रितु शाही ने किया महिला अस्पताल का निरीक्षण

अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने जिला महिला अस्पताल के निरीक्षण से की। इस दौरान वह अस्पताल की व्यवस्थाओं से काफी हद तक संतुष्ट नजर आईं, लेकिन उन्होंने स्टाफ की कमी को गंभीर मुद्दा बताया।

अयोध्या दौरे पर पहुंचीं राज्य महिला आयोग की सदस्य रितु शाही ने किया महिला अस्पताल का निरीक्षण
REPORTED BY - AZAM KHAN, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

अयोध्या/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रितु शाही आज अयोध्या दौरे पर पहुंचीं। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने जिला महिला अस्पताल के निरीक्षण से की। इस दौरान वह अस्पताल की व्यवस्थाओं से काफी हद तक संतुष्ट नजर आईं, लेकिन उन्होंने स्टाफ की कमी को गंभीर मुद्दा बताया।

रितु शाही ने बताया कि पिछले निरीक्षण के दौरान जो कमियां पाई गई थीं, उन्हें अब काफी हद तक दूर कर लिया गया है। हालांकि उन्होंने कहा कि "यहां भीड़ बहुत ज्यादा है और इसके पीछे स्टाफ की कमी एक बड़ी वजह है। मैं राज्य सरकार को इस संबंध में रिपोर्ट सौंपूंगी कि यहां अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति की जाए।"

उन्होंने अस्पताल के वार्डों में जाकर मरीजों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने सीएमएस डॉक्टर विभा की सराहना करते हुए कहा "डॉ. विभा ने अस्पताल को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखा है, जो एक सराहनीय प्रयास है।"

निरीक्षण के बाद रितु शाही ने सर्किट हाउस में महिलाओं की समस्याओं को लेकर बैठक की, जहां उन्होंने महिलाओं से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान महिला आयोग की सदस्य ने महिला चौपाल का आयोजन भी किया, जिसमें महिलाओं से जुड़े मुद्दों, शिकायतों और सुझावों पर खुलकर चर्चा की गई।