सामने अचानक गाय आने से अनियंत्रित होकर पलटा गेहूं लदा ट्रक, चालक-खलासी घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज रफ्तार से जा रहा था, तभी अचानक सड़क पर गाय आ गई। चालक ने गाय को बचाने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

सामने अचानक गाय आने से अनियंत्रित होकर पलटा गेहूं लदा ट्रक, चालक-खलासी घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर / जनमत न्यूज। जनपद फतेहपुर के मलवां थाना क्षेत्र में गेहूं से लदा एक ट्रक सड़क हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक बांदा से उड़ीसा की ओर जा रहा था, तभी अचानक सड़क पर गाय आ जाने से ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और खलासी मामूली रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार मलवां थाना क्षेत्र के कुवरपुर रोड पर यह दुर्घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज रफ्तार से जा रहा था, तभी अचानक सड़क पर गाय आ गई। चालक ने गाय को बचाने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि यातायात सुचारू रूप से चालू हो सके।