सभी विभाग लक्ष्य के अनुरूप पूरी करें तैयारी, किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होगी स्वीकार: संजय सिंह गंगवार
उप्र के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने उरई जनपद विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी का महाअभियान बनाया जाए तथा प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पूरी तैयारी समय से पूर्ण करे।
जनपद की विभागवार तैयारियों, माइक्रोप्लान, पौध उपलब्धता, गड्ढा खुदान, रोपण स्थलों के चयन, पौध उठान, वीआईपी वृक्षारोपण स्थल तथा विभागीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में तैयार किए गए माइक्रोप्लान के अनुरूप रोपण कार्य सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक रोपे गए पौधे के संरक्षण और जीवित रहने की व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित रहे।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि उसकी नियमित सिंचाई, सुरक्षा, जियो टैगिंग और निगरानी भी सुनिश्चित की जाए। सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि अभियान शत-प्रतिशत सफलता के साथ संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधि समाजसेवी आदि एक-एक पौधा अपने मां के नाम फैमिली के साथ अवश्य लगाएं। समीक्षा के दौरान विभागवार लक्ष्य एवं प्रगति का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए गए कि जिन विभागों में तैयारी शेष है, वे तत्काल उसे पूर्ण करें।
वृक्षारोपण हेतु चिन्हित स्थलों, अग्रिम मृदा कार्य तथा गड्ढा खुदान की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण कर ली जाए ताकि अभियान के दिन किसी प्रकार की बाधा न आए। पौधशालाओं में उपलब्ध पौधों की गुणवत्ता एवं ऊंचाई की भी समीक्षा की गई।
निर्देश दिए गए कि रोपण स्थल के अनुसार उपयुक्त प्रजाति एवं मानक ऊंचाई के पौधों का चयन किया जाए तथा पौधों के परिवहन एवं रोपण के दौरान तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
राज्य मंत्री ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को जन-जन का अभियान बनाया जाए तथा जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित कर जनपद जालौन को प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाला जनपद बनाया जाए।
इस अवसर पर माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार सहित जनप्रतिधि व वन विभाग एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य मंत्री, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग, उप्र संजय सिंह गंगवार, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान एवं प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर वन विभाग के पांच प्रचार वाहनों को रवाना किया।
ये प्रचार वाहन जनपद की सभी तहसीलों कालपी, कोंच, उरई, जालौन एवं माधौगढ़ में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। प्रचार वाहनों के माध्यम से “एक पेड़ मां के नाम” एवं “आम बहार आपके द्वार” थीम पर पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और पौधों की सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
प्रचार वाहनों से पर्यावरण से संबंधित गीतों, नारों और स्लोगन के माध्यम से लोगों को 12 जुलाई 2026 को वृहद वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस दौरान आमजन से अपील की गई कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए।


