चन्दौली के चकिया में ज्वेलर्स शॉप लूट की कोशिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश गिरफ्तार

उप्र के चन्दौली जनपद की चकिया पुलिस ने ज्वेलर्स शॉप में लूट की कोशिश करने वाले शातिर अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

चन्दौली के चकिया में ज्वेलर्स शॉप लूट की कोशिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चन्दौली/जनमत न्यूज़ उप्र के चन्दौली जनपद की चकिया पुलिस ने ज्वेलर्स शॉप में लूट की कोशिश करने वाले शातिर अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

ग्राहक बनकर पहुंचे थे बदमाश

घटना थाना चकिया क्षेत्र के ग्राम बसाढ़ी स्थित गोलू ज्वेलर्सकी है। दुकान संचालिका पूजा देवी पत्नी गोलू सोनी उर्फ मनोज कुमार ने थाना चकिया में तहरीर देकर बताया कि शाम के समय तीन युवक मोटरसाइकिल से दुकान पर पहुंचे। इनमें से एक युवक ग्राहक बनकर चांदी की सिकड़ी देखने लगा और मोलभाव करने लगा, जबकि दूसरे युवक ने गमछे से चेहरा ढक रखा था।

इसी दौरान चेहरा ढके युवक ने दुकान का शटर गिरा दिया और तीनों ने मिलकर लॉकर की चाबी छीनने का प्रयास किया। आरोपियों ने कट्टा और पिस्टल दिखाकर संचालिका को धमकाया तथा कैश बॉक्स से करीब पांच हजार रुपये निकाल लिये। विरोध करने पर मारपीट भी की गई।

दो आरोपी दबोचे गए

महिला द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग और पास के बैंक में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दो आरोपियों को मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

पकड़े गए आरोपियों के पास से चांदी की सिकड़ी, बिक्री के 1600 रुपये, एक अवैध असलहा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई। इस मामले में थाना चकिया पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गिरफ्तार अभियुक्त मनीष कुमार यादव से पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि घटना को अंजाम देने से पहले उसने खुद को व्यापारी दिखाने के लिए अपना अवैध .315 बोर असलहा और कारतूस अलग जगह छिपा दिए थे।

पुलिस जब अभियुक्त की निशानदेही पर राजकीय हाईस्कूल बनारसिया के पीछे बरामदगी के लिए पहुंची, तभी आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया।

बिहार भागने की थी योजना, पहले से कर रहे थे रेकी

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ पहले से ज्वेलर्स दुकानों की रेकी कर रहा था। योजना थी कि लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद नकदी और आभूषण लेकर बिहार फरार हो जाएंगे। लेकिन महिला के शोर मचाने और पुलिस के तुरंत पहुंचने से उनकी योजना विफल हो गई। 

गिरफ्तार अभियुक्त

मनीष कुमार यादव पुत्र संतोष कुमार यादव, निवासी ग्राम गोडसर, थाना रामगढ़, जनपद कैमूर (भभुआ), बिहार।

 बरामदगी

- एक अवैध असलहा .315 बोर 

- एक खोखा कारतूस 

- एक जिंदा कारतूस 

- नकदी 

- चांदी की सिकड़ी 

- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल  

थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह थाना चकिया मय पुलिस टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसपी आकाश पटेल ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की और फरार आरोपी की तलाश तेज करने के निर्देश दिए।