संभल में बकरीद की नमाज सकुशल संपन्न, प्रशासन के निर्देशों का लोगों ने किया पालन
उप्र के संभल जनपद में बकरीद की नमाज सकुशल संपन्न हो गई। जनपद में 838 स्थानों पर नमाज अदा की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे जनपद को 5 जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया था।
संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में बकरीद की नमाज सकुशल संपन्न हो गई। जनपद में 838 स्थानों पर नमाज अदा की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे जनपद को 5 जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया था।
जहां-जहां कुर्बानी होनी है, उन स्थानों को बैरिकेडिंग कर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। साफ-सफाई और अपशिष्ट उठाने को लेकर विशेष प्रबंध किए गए। नगर पालिकाओं द्वारा वाहन लगाए गए और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई।
सीसीटीवी कैमरों और पुलिस की निगरानी में शासन और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से ईद की नमाज संपन्न हुई। जनपद में कहीं भी सड़क या सार्वजनिक स्थान पर नमाज अदा नहीं की गई। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रही।
संभल ईदगाह पर जिला अधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई अधिकारियों के साथ पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से निर्देश जारी किए गए कि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कुर्बानी नहीं करेगा और शासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए।
यदि कोई व्यक्ति शासन-प्रशासन के आदेशों का उल्लंघन करेगा या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में संभल के जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि जनपद में शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि जनपद संभल में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है। जनपद में 838 स्थानों पर नमाज अदा की गई। पूरे जिले को 16 सेक्टर और 5 जोन में बांटा गया है।
सभी स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात किया गया है। जितने भी कुर्बानी स्थल हैं, वहां भी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। यदि कोई व्यक्ति गलत तरीके से सार्वजनिक स्थान पर कुर्बानी करता है या अफवाह फैलाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
