झारखंड के CM हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, राष्ट्रपति मुर्मु व PM मोदी ने जताया शोक
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक एवं दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का निधन हो गया।
रांची/जनमत न्यूज़। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक एवं दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का निधन हो गया।
वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं और रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। रूपी सोरेन के निधन की खबर से सोरेन परिवार और झामुमो समर्थकों में शोक की लहर है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने रूपी सोरेन के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
राष्ट्रपति मुर्मु ने जनजातीय समाज के लिए योगदान को किया याद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से उनके कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल पर शोक संदेश जारी किया गया। इसमें कहा गया कि रूपी सोरेन के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। जनजातीय समाज के लोगों के सशक्तीकरण और कल्याण के लिए उनके कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। राष्ट्रपति ने हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और उनके समस्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रूपी सोरेन के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन ने हमेशा जनजातीय समुदायों के सशक्तीकरण के लिए काम किया। प्रधानमंत्री ने शोक की इस घड़ी में हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
हिमंता बिस्वा सरमा ने परिवार को संबल की प्रार्थना की
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने रूपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुखद समाचार है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और हेमंत सोरेन तथा उनके शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय व्यक्तिगत क्षति को सहने की शक्ति देने की कामना की।



