हाथरस: गोपाल चौधरी हत्याकांड में वायरल वीडियो के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन, फांसी की मांग

उप्र के हाथरस जनपद के गांव कूमरपुर में गोपाल चौधरी हत्याकांड को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। गोपाल की मौत के बाद वायरल हुए एक वीडियो ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।

हाथरस: गोपाल चौधरी हत्याकांड में वायरल वीडियो के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन, फांसी की मांग
Published By- Diwaker Mishra

हाथरस से होमेश मिश्रा की रिपोर्ट 

हाथरस/जनमत न्यूज़। उप्र के हाथरस जनपद के गांव कूमरपुर में गोपाल चौधरी हत्याकांड को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। गोपाल की मौत के बाद वायरल हुए एक वीडियो ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।

सोमवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर तीनों आरोपियों को फांसी देने की मांग की। साथ ही वीडियो में जिन दो अन्य व्यक्तियों का जिक्र किया गया है, उनकी भूमिका की भी जांच कर खुलासा करने की मांग उठाई गई।

मामला हाथरस के कूमरपुर गांव का है, जहां रहने वाले गोपाल चौधरी की 15 अक्टूबर को गला काटकर हत्या किए जाने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने गोपाल की पत्नी काजल, उसके कथित प्रेमी योगेंद्र चौधरी और गोपाल की बड़ी बेटी शालिनी को गिरफ्तार किया है।

गोपाल चौधरी की मौत के बाद उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। यह वीडियो कथित तौर पर उसकी मौत से तीन दिन पहले का बताया जा रहा है।

वीडियो में गोपाल गंभीर रूप से घायल अवस्था में दिखाई दे रहा है। वह योगेंद्र पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाता नजर आता है। इसके अलावा वह दो अन्य व्यक्तियों का भी जिक्र करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार सुबह प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों की मांग है कि हत्याकांड में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को फांसी की सजा मिले और वीडियो में जिन दो अन्य व्यक्तियों का जिक्र किया गया है, उनकी भूमिका की भी निष्पक्ष जांच हो। ग्रामीणों ने पूरे मामले का खुलासा कर सभी तथ्यों को सामने लाने की मांग की है।

वहीं, ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों की कथित अनदेखी को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद सत्ता पक्ष या विपक्ष का कोई जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार का हाल जानने गांव नहीं पहुंचा। इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।

अब बड़ा सवाल यह है कि वायरल वीडियो में जिन दो अन्य व्यक्तियों का जिक्र है, उनकी भूमिका की जांच में क्या सामने आएगा? फिलहाल ग्रामीण पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।